Site icon ਟਰਾਲੀ ਟਾਈਮਜ਼

कविता और फ़सल

ओमप्रकाश वाल्मीकि 

ठंडे कमरों में बैठकर

पसीने पर लिखना कविता

ठीक वैसा ही है

जैसे राजधानी में उगाना फ़सल

कोरे काग़ज़ों पर।

 

फ़सल हो या कविता

पसीने की पहचान है दोनों ही।

 

बिना पसीने की फ़सल

या कविता

बेमानी है

आदमी के विरूद्ध

आदमी का षडयंत्र–

अंधे गहरे समंदर सरीखा

जिसकी तलहटी में

असंख्‍य हाथ

नाख़ूनों को तेज़ कर रहे हैं

पोंछ रहे हैं उँगलियों पर लगे

ताज़ा रक्‍त के धब्‍बे।

 

धब्‍बे : जिनका स्‍वर नहीं पहुँचता

वातानुकूलित कमरों तक

और न ही पहुँच पाती है

कविता ही

जो सुना सके पसीने का महाकाव्‍य

जिसे हरिया लिखता है

चिलचिलाती दुपहर में

धरती के सीने पर

फ़सल की शक्‍ल में।

Exit mobile version